भविष्य के फोन की तरफ पहला कदम है Samsung Galaxy Fold

स्मार्टफोन की खूबी या तो उसका कैमरा होता है फिर उसमें इस्तेमाल किए गए खास स्पेसिफिकेशन लेकिन सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड का सबसे नायाब फीचर है उसका मुड़ने वाला डिस्प्ले। यह डिस्प्ले अपने आप में बेहद ही खास है, जो इसे एकबार देखता है वह कुछ समय तक सिर्फ इसके डिस्प्ले के बारे में ही सोचता है। तो सबसे पहले शुरुआत इसके डिस्प्ले से ही करते हैं।
सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड में दो डिस्प्ले दिए गए हैं, फोन मुड़ने के बाद फोन बन जाता है और खुलने के बाद टैब बन जाता है। यह भारत का पहला फोल्डेबल फोन है, इसलिए हमने इससे पहले कोई भी ऐसा फोन नहीं देखा है। इन दोनों डिस्प्ले की एक अन्य खूबी यह है कि जो भी एप आप छोटी स्क्रीन पर खोलते हैं या फिर छोटी स्क्रीन पर इस्तेमाल कर रहे होते हैं तो स्क्रीन खोलने पर अंदर वाली स्क्रीन पर वही एप उसी स्टेज में अंदर खुला हुआ मिलता है। अंदर वाली डिस्प्ले का साइज 7.3 इंच है। डायनामिक एमोलेड डिस्प्ले से लैस एक शानदार बड़ी स्क्रीन, जो ग्लास की नहीं बल्कि पॉलिमर से बनी है। मोड़ने में आपको शुरू में चिंता होगी लेकिन फोल्ड कई बार भी लगातार मोड़े जाने पर कोई दिक्कत नहीं करता।
कैमरा
सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड के बैक पैनल पर तीन कैमरों का सेटअप है। एक कैमरा सामने की तरफ छोटी वाली स्क्रीन के ऊपर है, जो फोल्ड रहने पर वीडियो कॉलिंग और सेल्फी लेने के काम आता है। वहीं, फोन को अनफोल्ड करने पर स्क्रीन के ऊपर दो सेल्फी कैमरा लेंस मिलते हैं, जो वीडियो कॉलिंग और सेल्फी या फिर फोटोग्राफी में इस्तेमाल किये जा सकते हैं। इस फोन से खींची गई फोटो अन्य तीन रियर कैमरा सेटअप वाले सैमसंग के फोन की तरह ही है। हालांकि जबकि इस कैमरे की तुलना सैमसंग गैलेक्सी नोट 10 प्लस के कैमरे से की जाती है तो गैलेक्सी नोट 10प्लस का कैमरा आगे दिखता है। इसमें 4,830 mAh की बैटरी है, जो डुअल बैटरी है। फास्ट चार्जर के साथ यह लैस है और वायरलेस चार्जिंग भी कर सकते हैं। इसके साथ गैलेक्सी इयरबड्स भी फ्री मिलेंगे। सैमसंग ने इसके यूनीक डिजाइन के हिसाब से स्क्रीन कवर भी दिया है। 12 जीबी रैम, 512 जीबी स्टोरेज के साथ इसकी परफॉरमेंस में आपको कोई दिक्कत नहीं आएगी। विडियो और यू-ट्यूब के लिए टैबलेट फॉरमैट जंचता है।
कीमत
सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड की कीमत 1,64,999 रुपये है। यह कीमत आपको ज्यादा लग सकती है लेकिन यह अपनी कीमत पर खरा उतरता है। कुल मिलाकर देखें तो सैमसंग ने इस फोन को बिक्री के लिए उपलब्ध कराकर यह बात साबित कर दिखाई है कि आविष्कार हर किसी के लिए है। आविष्कार सिर्फ प्रोसेसर लगाना, या फिर बड़ी डिस्प्ले या ज्यादा कैमरा देने भर से नहीं होता है। इस फोन को हम फ्यूचर फोन भी कह सकते हैं।
