Mi Note 10 भारत में जल्द होगा लॉन्च, मिलेगा 108 मेगापिक्सल का कैमरा

भारतीय स्मार्टफोन बाजार में इस समय हर कैटेगरी के स्मार्टफोन मौजूद हैं, जिनमें यूजर्स को लेटेस्ट फीचर्स मिल रहे हैं। इस कड़ी में अब चीन की टेक कंपनी शाओमी जल्द ही भारत में एमआई नोट 10 (Mi Note 10) स्मार्टफोन को लॉन्च करने वाली है। यूजर्स को इस डिवाइस में 108 मेगापिक्सल का कैमरा और एचडी डिस्प्ले मिलेगा। कंपनी ने इससे पहले एमआई नोट 10 को यूरोप में पेश किया था। हाल ही में एक रिपोर्ट सामने आई है, जिससे इस फोन की भारत में लॉन्चिंग की जानकारी मिली है।

Mi Note 10 से जुड़ी रिपोर्ट

टेक साइट गिजमो चाइन ने एमआई नोट 10 से जुड़ी इस रिपोर्ट को सार्वजनिक किया है। रिपोर्ट के अनुसार, शाओमी लेटेस्ट स्मार्टफोन एमआई नोट 10 को जनवरी 2020 तक भारतीय बाजार में उतारेगी। हालांकि, अब तक कंपनी इस फोन की भारत में लॉन्चिंग को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। आपको बता दें कि कंपनी ने एमआई नोट 10 को चीन में एमआई सीसी9 प्रो के नाम से पेश किया था।

Mi Note 10 और Note 10 Pro की कीमत

शाओमी ने इस फोन के 6 जीबी रैम +128 जीबी इंटरनल स्टोरेज वाले वेरियंट की 549 यूरो (43,200 रुपये) और नोट 10 प्रो के 8 जीबी रैम +256 जीबी इंटरनल स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत 649 यूरो (51,000 रुपये) रखी थी। सूत्रों की मानें तो कंपनी भारत में इस फोन के दोनों वेरियंट की कीमत 40,000 से 50,000 रुपये के बीच रखेगी।

Mi Note 10 और Note 10 Pro की स्पेसिफिकेशन

कंपनी ने इन दोनों फोन में 6.47 इंच का कर्व्ड फुल एचडी डिस्प्ले दिया है, जिसका रिजॉल्यूशन 1080×2340 पिक्सल है। साथ ही बेहतर परफॉर्मेंस के लिए इस सीरीज के फोन्स को ऑक्टा-कोर क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 730जी चिपसेट मिला है। वहीं, दोनों फोन एंड्रॉयड 9 पाई ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करेंगे।

Mi Note 10 और Note 10 Pro का कैमरा

कैमरा की बात करें तो नोट 10 और 10 प्रो में पेंटा कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें 108 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर, 20 मेगापिक्सल का वाइड एंगल लेंस, 12 मेगापिक्सल का शॉर्ट टेलीफोटो लेंस, पांच मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस और दो मेगापिक्सल का मैक्रो कैमरा है। वहीं, यूजर्स 32 मेगापिक्सल वाले फ्रंट कैमरा से शानदार सेल्फी क्लिक कर सकेंगे।

Mi Note 10 और Note 10 Pro की बैटरी और कनेक्टिविटी

कनेक्टिविटी के लिहाज से कंपनी ने दोनों फोन में डुअल नैनो सिम, 4जी VoLTE, जीपीएस, वाई-फाई, ब्लूटूथ 5.0 और 3.5 एमएम हेडफोन जैक जैसे फीचर्स दिए हैं। साथ ही यूजर्स को इस फोन में 5,260 एमएएच की बैटरी मिलेगी, जो 30 वॉट के फास्ट चार्जिंग फीचर से लैस होगी।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.